पटना:
राजधानी में बेऊर थाने के विशुनपुर पकड़ी 70 फुट के सिपारा स्थित तेल डिपो में सोमवार देर रात आग लग गई। देखते ही देखते ने आग ने विकराल रूप ले लिया। आग की लगटें लगभर 40 फीट की ऊंचाई तक उठने लगी। वहीं डिपो में लगी आग से एक-एक कर 3 ब्लास्ट हुए। इसकी गूंज आसपास के 2KM तक सुनाई दी। घटना की जानकारी पुलिस और दमकल की टीम को दी गई। टीम सूचना मिलने के 2:30 घंटे बाद घटनास्थल पर पहुंची। जिसके बाद 10 दमकल की गाड़ियों ने करीब 5 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस घटना से आसपास के लोग काफी दहशत में है। वहीं लाखों की संपत्ति का नुकसान होने की खबर भी सामने आ रही है।

आग की लपटों से अपार्टमेंट की खिड़कियां जली
स्थानीय लोगों ने बताया कि रात करीब 9 बजे अचानक से तेल डिपो से आग की लपटें निकलने लगी। जबतक हमलोग कुछ समझ पाते तबतक आग पूरे तरीके से फैल चुका था। आग लगने से ब्लास्ट भी होने लगे। रह-रह कर हो रहे विस्फोट के कारण अपार्टमेंट के लोगों में दहशत फैल गयी। अपार्टमेंट की खिड़कियां जल गयी। हम सुरक्षा को देखते हुए अपने फ्लैट को छोड़ कर बाहर निकल गये। हमने तुरंत इसकी जानकारी फायर ब्रिगेड की टीम को दी लेकिन टीम को आने में 2:30 घंटे बाद पहुंची। इतने वक्त में आग ने विकराल रूप ले लिया था। धुएं के गुब्बार से पूरा इलाका भर गया। इस आग से लाखों की संपत्ति का नुकसान हुआ है।

आग लगने के कारण का पता लगा रही पुलिस
डिपो के अंदर आग कैसे लगी, फिलहाल इसका कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकता है। फायर ब्रिगेड इसकी जांच करेगा। डिपो कर्कट से बना हुआ था और वहां दो-तीन लोग प्रतिदिन रहते थे। लेकिन आग लगने की घटना के बाद वे लोग वहां से निकल गये। वहीं डीपो वैध है या नहीं इसकी जांच पुलिस करेगी। स्थानीय लोगों ने बताया इस तरह के कई डीपो इलाके में है, जिनकी जांच होनी चाहिए। घटना के बाद यह सवाल उठ खड़ा हुआ कि वह डिपो रिहायशी इलाके में कैसे चल रहा था?।